SHIVPURI NEWS - बिस्तर में छिपे कोबरा ने 8 साल के मासूम को दो बार डसा, इलाज के दौरान मौत

शिवपुरी। खबर जिले के इंदार थाना क्षेत्र से है, जहां बिजरौनी गांव में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। तखत पर सो रहे एक 8 वर्षीय मासूम बच्चे को जहरीले सांप ने बिस्तर के अंदर ही दो बार डस लिया। परिजन गंभीर हालत में बच्चे को लेकर अस्पताल भागे, लेकिन गुना जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से धपोरा गांव के रहने वाले अशोक आदिवासी पिछले 3 सालों से बिजरौनी गांव में रहकर हलवाई का काम करते हैं। बुधवार रात करीब 12 बजे उनका 8 साल का बेटा पुरुषोत्तम आदिवासी तखत पर सो रहा था। इसी दौरान एक जहरीला कोबरा सांप बिस्तर में घुस आया और उसने बच्चे के हाथ पर डस लिया। पहली बार काटने के बाद जहरीला सांप कहीं गया नहीं, बल्कि कंबल में ही छिपा बैठा रहा। कुछ ही देर बाद उसने मासूम को दोबारा डस लिया। बच्चे के छटपटाने और रोने की आवाज सुनकर परिजन जागे तो उनके होश उड़ गए।

बच्चे की बिगड़ती हालत देख परिजन उसे तत्काल बदरवास स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत गुना जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन में मासूम को लेकर गुना पहुंचे, लेकिन जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। रात करीब 2 बजे इलाज के दौरान 8 वर्षीय पुरुषोत्तम ने दम तोड़ दिया। गुरुवार सुबह गुना जिला अस्पताल में पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। गांव में इस दर्दनाक हादसे के बाद से शोक की लहर है।

Post a Comment

0 Comments