शिवपुरी। जिले में नेशनल हाईवे-46 पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सेसई गांव के पास हरिओम ढाबा के सामने तेज रफ्तार में दौड़ रही एक यात्री बस के पिछले दोनों टायर अचानक एक साथ निकल गए। पहिये अलग होते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क पर घिसटने लगी, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि बस पलटी नहीं, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरव टूर एंड ट्रेवल्स की बस गुना से यात्रियों को लेकर ग्वालियर की ओर जा रही थी और इसमें करीब 20 यात्री सवार थे। जैसे ही बस सेसई के पास हरिओम ढाबा के सामने पहुंची, अचानक उसके पिछले हिस्से के दोनों पहिये गाड़ी से अलग होकर दूर जा गिरे। टायर निकलते ही बस का पिछला हिस्सा सीधे हाईवे की डामर सड़क से टकरा गया और बस कई मीटर तक घिसटती चली गई।
लोहे की बॉडी सड़क से रगड़ाने के कारण तेज चिंगारियां उठने लगीं और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को बिना पलटे किसी तरह संभालकर रोक लिया, जिससे सभी 20 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है और बाद में सभी सवारियों को दूसरे सवारी वाहन की मदद से दूसरी बस तक पहुंचाकर ग्वालियर के लिए रवाना किया गया।
इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय और सड़कों पर दौड़ रही बसों की फिटनेस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों को लेकर सड़क पर उतरने से पहले बस की फिटनेस और पहियों की स्थिति की जांच कितनी गंभीरता से की जाती है, यह जांच का विषय है। चलती गाड़ी के दोनों पहिये एक साथ निकल जाना सीधे तौर पर मेंटेनेंस की कमी और घोर लापरवाही को उजागर करता है।

0 Comments