शिवपुरी। जिले में मदिरा प्रेमियों की जेब पर डाका डालने और निर्धारित दरों का उल्लंघन कर शराब बेचने वाले दुकान संचालकों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर जिले की 7 मदिरा दुकानों पर 4 लाख 85 हजार रुपये की शास्ति (जुर्माना) अधिरोपित की है।जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने जिले की विभिन्न मदिरा दुकानों में अनियमितताओं को लेकर गहन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर अर्पित वर्मा द्वारा मदिरा की बिक्री में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और ग्राहकों से तय दर से अधिक वसूली रोकने के निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान आबकारी टीम ने पाया कि कई दुकानों पर अधिकतम विक्रय मूल्य (MRP) से अधिक दर पर शराब बेची जा रही थी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर विभाग ने एमआरपी से अधिक मूल्य पर मदिरा बेचने के 05 प्रकरण तथा न्यूनतम विक्रय मूल्य (MSP) से कम मूल्य पर बेचने के 02 प्रकरण दर्ज किए और कुल 4.85 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया। जिला आबकारी विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित दरों से भिन्न दर पर मदिरा बेचने या अन्य किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर आगे भी इसी तरह की सख्त और दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
0 Comments